कालिम्पोंग : 17 जून

क्षेत्र के अलगड़ा बाजार निवासी 13 वर्षीय कक्षा सातवीं की छात्रा के साथ बहला-फुसलाकर दुष्कर्म की घटना सामने आई है। घटना मंगलवार सायं लगभग चार बजे की बताई जा रही है। जब पीड़िता कोई सामान खरीदने के लिए अपने घर से बाजार जा रही थी। पीड़ित छात्रा के परिजनों की तहरीर पर मामला दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर बुधवार को महकमा अदालत में पेश किया। जहां अदालत ने आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

जानकारी के अनुसार मुख्य आरोपी अलगड़ा के ही निवासी माइकल लेप्चा (24) ने पीड़िता को फुसलाकर घुमाने के बहाने गाड़ी में बिठा लिया। जिसे 16 माइल निवासी 50 वर्षीय जीवन गुरुंग चला रहा था। आरोप है कि दोनों ने लाभा के रास्ते में पड़ने वाले जंगल में ले जाकर दुष्कर्म किया। पीड़िता की मां द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार रात में देर से पहुंचने पर जब देर होने का कारण पूछा गया, तो पीडि़ता ने परिजनों को आपबीती बताई। जिसके बाद परिजनों ने अलगड़ा पुलिस पोस्ट में दोनों के खिलाफ तहरीर दी। जिसके पुलिस पोस्ट से घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय थाने के सेकेंड ऑफिसर उपनिरीक्षक एन शेर्पा के नेतृत्व में सहायक उपनिरीक्षक लेंडुप भूटिया, दिनेश थापा एवं अलगड़ा पुलिस चौकी के प्रभारी राजेश खाती ने देर रात छापेमारी कर आरोपी वाहन चालक 16 माइल निवासी जीवन को उसके घर से ही गिरफ्तार कर लिया। वहीं बाद में मुख्य आरोपी माइकल लेप्चा(24) को भी अलगड़ा से ही गिरफ्तार कर लिया गया। पीड़िता को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए स्थानीय महकमा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।